HomeUncategorizedकुशीनगर में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालक...

कुशीनगर में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालक की मौत

साजिद अंसारी
लोकायुक्त न्यूज

कुशीनगर। जिले के पडरौना ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बंगालीपट्टी चन्द्रहंवां टोला थाना विशुनपुरा क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालक की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, साजन उर्फ मनोज राजभर (13 वर्ष), पुत्र राजेन्द्र राजभर, रविवार को लगभग 12:30 बजे घर से करीब 400 मीटर दूर नहर की पटरी पर मिट्टी के ढेर पर खेल रहा था। इसी दौरान वह 11 हजार वोल्ट के बिजली के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि छोटी गंडक की चाफ शाखा में इन दिनों मिट्टी की खुदाई का कार्य चल रहा है, जिससे नहर की पटरियों के दोनों तरफ मिट्टी के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं।घटनास्थल पर मिट्टी के ढेर से लगभग 3 फीट की दूरी पर हाईटेंशन तार गुजर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बालक मिट्टी के ढेर पर खड़ा हुआ, वह तार के बेहद करीब पहुंच गया और करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों व स्थानीय लोगों ने उसे आनन-फानन में कुशीनगर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक साजन कक्षा 8 का छात्र था। उसके पिता राजेन्द्र राजभर पेंटर का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि बड़ा भाई राजन राजभर (18 वर्ष) अभी पढ़ाई कर रहा है। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई घटना की पूरी कहानी

प्रत्यक्षदर्शी लक्ष्मीकांत पाठक के अनुसार, घटना के समय वहां चार बच्चे खेल रहे थे। उन्होंने बताया कि पिछले चार दिनों से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित थी, लेकिन अचानक लगभग 30 सेकेंड के लिए सप्लाई चालू हुई। इस दौरान तीन बच्चे लेटकर तार के नीचे से निकल गए, जबकि साजन खड़ा होकर आगे बढ़ा और सीधे करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

विभागों पर उठे सवाल

जिम्मेदारी तय करने की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि नहर की खुदाई के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, वहीं बिजली विभाग की लापरवाही भी सामने आई है।

जिम्मेदार बोले

उक्त संबंध में सिंचाई विभाग फाजिलनगर के एसडीओ प्रवीन मिश्रा ने बताया कि मिट्टी हटाने की टेंडर प्रक्रिया प्रचलित है और एक-दो दिन में कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि 17 अप्रैल को ही बिजली विभाग को पत्र लिखकर बिना एनओसी लगाए गए पोल व ट्रांसफार्मर को हटाने का अनुरोध किया गया था, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो। मामले की जांच कराई जा रही है।
जबकि विद्युत विभाग पड़रौना के एक्सियन सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
वहीं विशुनपुरा थाना प्रभारी विनय मिश्रा ने बताया कि सूचना पर पुलिस पहुंच कर शव को कब्जे लेते हुए पीएम के भेज दिया है आगे जांच में जुटी हुई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments