
लोकायुक्त NEWS
मथुरा। जनपद में स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अखिल भारत हिंदू महासभा ने बिजली विभाग के मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपकर जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध जताया। संगठन का आरोप है कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
ज्ञापन में कहा गया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अचानक बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है। साथ ही गलत बिलिंग और तकनीकी खामियों के कारण उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने इसे उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए तत्काल रोक की मांग की।
महासभा ने मांग की है कि जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगे, पहले से लगे मीटरों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और गलत बिलिंग से प्रभावित उपभोक्ताओं को राहत दी जाए। साथ ही भविष्य में किसी भी नई व्यवस्था को लागू करने से पहले उपभोक्ताओं की सहमति अनिवार्य की जाए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मुद्दे को लेकर जनपद में बहस और विरोध लगातार बढ़ता नजर आ रहा है।
