
बैलिस्टर तिवारी/लोकायुक्त न्यूज़
कुशीनगर। कसया थाना क्षेत्र के रम्हवलिया के नौका टोला में चार दिन से लापता 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अजमत अंसारी, निवासी भवानी टोला, थाना रामकोला के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। क्षेत्राधिकारी कसया डॉ. अजय कुमार सिंह ने भी मौके का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। परिजनों के अनुसार, अजमत रविवार को अपनी बुआ को बंजारापट्टी गांव छोड़ने गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद मिला। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने बंजारापट्टी के तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, क्योंकि मृतक को आखिरी बार उनके साथ देखा गया था। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।
