
मुख्य चिकित्साधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली रवाना की, आशा कार्यकर्ताओं व स्वास्थ्य टीम ने डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया
लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत मंगलवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर से जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चन्द्रप्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में आशा बहुओं, सफाई नायकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संचारी रोगों से बचाव के लिए आमजन को जागरूक किया। प्रतिभागियों ने “बुखार में देरी पड़ी भारी”, “रोकें मच्छर, बचाएं जीवन” और “स्वच्छ पानी – स्वस्थ जीवन” जैसे नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।
यह रैली मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट चौराहा होते हुए पुनः कार्यालय परिसर में समाप्त हुई। इसके बाद स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
बताया गया कि यह अभियान 01 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य दिमागी बुखार, डेंगू, मलेरिया सहित अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम करना तथा स्वच्छता के माध्यम से जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करना है। अभियान के तहत विभिन्न विभागों के समन्वय से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, नालियों की सफाई और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
साथ ही मच्छरों के नियंत्रण के लिए लार्वीसाइड का छिड़काव और फॉगिंग भी कराई जाएगी। 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक “दस्तक अभियान” भी चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान, टीबी व कुपोषण की जानकारी और आवश्यक परामर्श देंगी।
इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी संजीव कुमार सिंह, मलेरिया निरीक्षक, नगर पालिका परिषद पडरौना के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
