
लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। प्रकृति इंटरनेशनल स्कूल, चुरामन चक, कुशीनगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि सीडीओ कुशीनगर सुश्री वंदिता श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं पिपराइच शुगर मिल के जीएम श्री नवदीप शुक्ला ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सहायक महाप्रबंधक स्टाम्प श्री प्रसेनजीत सिंह, श्रीमती माधुरी शुक्ला तथा पूर्व सूबेदार मेजर श्री विनोद कुमार त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान और ध्वजारोहण के साथ हुआ। विद्यालय के चेयरमैन श्री अरविंद श्रीवास्तव, डायरेक्टर सोनल श्रीवास्तव, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री आशीष श्रीवास्तव सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया।समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक, स्किट, पिरामिड प्रस्तुति और भाषण सहित विभिन्न मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने अतिथियों, अभिभावकों और दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पूरे विद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला।मुख्य अतिथि सुश्री वंदिता श्रीवास्तव, सीडीओ कुशीनगर ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति में युवा पीढ़ी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।श्री नवदीप शुक्ला, जीएम पिपराइच शुगर मिल ने कहा कि देश की स्वतंत्रता अनेक वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कर्तव्यों को समझने तथा शिक्षा के साथ अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।विशिष्ट अतिथि श्री प्रसेनजीत सिंह ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य बच्चों की प्रतिभा, शिक्षा और संस्कारों पर निर्भर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत के साथ उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया।पूर्व सूबेदार मेजर श्री विनोद कुमार त्रिपाठी ने बच्चों के लिए विशेष गीत प्रस्तुत कर उनका उत्साहवर्धन किया और राष्ट्रप्रेम को प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य बताया।श्रीमती माधुरी शुक्ला ने कहा कि बच्चों में देशभक्ति की भावना केवल समारोहों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनके व्यवहार और दैनिक जीवन का हिस्सा बननी चाहिए। उन्होंने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।विद्यालय के चेयरमैन श्री अरविंद श्रीवास्तव ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी देश की भावी शक्ति है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान, प्रतिभा और संस्कारों का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेकर ईमानदारी, अनुशासन, परिश्रम और सेवा-भाव को अपनाने का संदेश दिया।

विद्यालय की डायरेक्टर सोनल श्रीवास्तव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के गौरवशाली इतिहास और वीर शहीदों के त्याग एवं संघर्ष को स्मरण करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण संभव है। विद्यार्थियों की गीत, नृत्य, स्किट, पिरामिड और भाषण प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और टीम भावना विकसित करती हैं।एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री आशीष श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण की नींव मजबूत शिक्षा, अच्छे संस्कार और जिम्मेदार नागरिकों से तैयार होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के साथ-साथ देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि कांत पटेल ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम, एकता और देश की प्रगति के संकल्प के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में दिनभर भारत माता की जय और राष्ट्रप्रेम के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
