

संजय सिंह मुन्ना के नेतृत्व में जर्जर तार बदलने, ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने व अधूरी विद्युत लाइन पूरी करने की मांग, समाधान न होने पर जनआंदोलन की चेतावनी
बैलिस्टर तिवारी/लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। हाटा विद्युत वितरण खंड की बदहाल विद्युत व्यवस्था को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता संजय सिंह मुन्ना के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे और क्षेत्र की जर्जर बिजली व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन करते हुए मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम खोखियां, मुबारकपुर, खैरटवा एवं पोखरभिंडा सहित दर्जनों गांवों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जर्जर विद्युत तारों के कारण आए दिन फाल्ट की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है और भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पंचायत भवन के समीप स्थापित 100 केवीए ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक भार होने के कारण बार-बार फ्यूज उड़ने से आपूर्ति प्रभावित रहती है। ग्रामीणों ने झूलते तारों और ओवरलोड ट्रांसफार्मरों को संभावित बड़े हादसे का कारण भी बताया।सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि 100 केवीए ट्रांसफार्मर को तत्काल 250 केवीए में अपग्रेड किया जाए, क्षेत्र के सभी जर्जर विद्युत तारों को बदला जाए, अधूरी विद्युत लाइन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए तथा संपूर्ण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था का तकनीकी सर्वे कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही फाल्ट की स्थिति में त्वरित मरम्मत के लिए पर्याप्त तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती की भी मांग की गई।इस अवसर पर संजय सिंह मुन्ना ने कहा कि प्रदेश सरकार निर्बाध विद्युत आपूर्ति का दावा कर रही है, लेकिन हाटा क्षेत्र की वास्तविक स्थिति इसके विपरीत है। वर्षों से ग्रामीण बदहाल बिजली व्यवस्था की समस्या झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायतों के बावजूद विभाग की उदासीनता के कारण लोगों में भारी नाराजगी है। यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।ज्ञापन सौंपने के दौरान मनोज यादव, उमेश गुप्ता, अरविंद सिंह, संदीप सिंह, बाबिता देवी, मीरा सिंह, रंजना देवी, संगीता देवी, मिथिलेश यादव, गुड्डू सिंह, राजबहादुर सिंह, जितेंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
