HomeUncategorizedकुशीनगर में जनसमस्याओं को लेकर सपा का शक्ति प्रदर्शन, हजारों कार्यकर्ताओं ने...

कुशीनगर में जनसमस्याओं को लेकर सपा का शक्ति प्रदर्शन, हजारों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट घेरा

साजिद अंसारी/लोकायुक्त न्यूज

कुशीनगर। समाजवादी पार्टी (सपा) ने सोमवार को विभिन्न जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। पीडीए आरक्षण, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में जिले भर से पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं ने सोहसा स्थित लोहिया भवन से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात रहा। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन में जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।

जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में महंगाई, भ्रष्टाचार, खाद-बीज संकट, बिजली कटौती, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों तथा कुशीनगर एयरपोर्ट से जुड़े मुद्दों से संबंधित तख्तियां दिखाई दीं। तेज धूप और गर्मी के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक रहा। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर पुलिस ने मुख्य प्रवेश द्वार को बंद कर दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने बाहर ही धरना-प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी जारी रखी। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सपा नेताओं ने प्रदेश सरकार पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

सपा जिलाध्यक्ष राम अवध यादव ने कहा कि प्रदेश में पीडीए समाज के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार सामाजिक न्याय की मूल भावना को कमजोर कर रही है। उन्होंने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपते हुए विभिन्न मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि कई स्थानों पर एक ही व्यक्ति का नाम बार-बार दर्ज है, जबकि अनेक जीवित मतदाताओं के नाम सूची से गायब हैं। इसके अलावा महंगाई, बेरोजगारी, किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध न होने, आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान और ग्रामीण क्षेत्रों में अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्याओं को भी उठाया गया।

प्रदर्शन के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए सपा नेताओं ने रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हुई है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनहित के मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है, जबकि सरकार जनसमस्याओं के समाधान के बजाय जनता का ध्यान भटकाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद-बीज के लिए भटकना पड़ रहा है, युवाओं के सामने रोजगार का संकट है और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं से उनका भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। उन्होंने जनहित के मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। प्रदर्शन के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट के बाहर एडीएम कुशीनगर वैभव मिश्रा को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री जावेद इकबाल, पूर्व विधायक डॉ. पी.के. राय, पूर्व प्रमुख एवं पडरौना विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विक्रमा यादव, जिला उपाध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र यादव, पूर्व प्रधान जंगल लुअठहां नियाजुद्दीन अंसारी, राजन शुक्ला, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राम लखन यादव सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments