






लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। जनपद के पड़रौना नगर पालिका क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बहू समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार रविन्द्र नगर थाना क्षेत्र के भिसवा सरकारी निवासी राजकुमार गोंड की पत्नी को उनके मायके बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बलुआ बैरटवा से घर लाने के लिए परिवार के लोग बोलेरो से गए थे। मायके से लौटते समय पड़रौना नगर पालिका क्षेत्र के रामपुर काली मंदिर के पास लगभग शाम तीन बजे हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि सड़क के मोड़ पर चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया, जिससे बोलेरो सड़क से उतरकर करीब 100 मीटर दूर खेत में जाकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार ठगई गोंड पुत्र लाली गोंड (65 वर्ष) निवासी भिसवा सरकारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सुलोचन गोंड पत्नी राजकुमार गोंड, आकाश गोंड पुत्र छबीला गोंड (11 वर्ष), आदर्श गोंड पुत्र छबीला गोंड (6 वर्ष), अजीत गोंड पुत्र राजकुमार गोंड (1 वर्ष) तथा आंशिक गोंड पुत्री सुभाष गोंड घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों के अनुसार मृतक ठगई गोंड के तीन पुत्र हैं और पूरा परिवार मजदूरी कर जीवन यापन करता है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है तथा गांव में शोक का माहौल है सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. दिनेश्वर राय ने बताया कि बच्चों और महिला का तत्काल प्राथमिक उपचार किया गया। किसी को गंभीर चोट नहीं थी, इसलिए उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं रविन्द्र नगर थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
