



लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। चैत्र रामनवमी के अवसर पर नहाने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बुधवार को अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। ट्रॉली में लगभग 50 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक थी। जानकारी के अनुसार महाराजगंज जिले के माहनखोर उर्फ बड़हरा (थाना घुघली) से श्रद्धालु नारायणी नदी के भैंसहा घाट पर चैत्र रामनवमी के नहान मेले में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली कुशीनगर के खड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिसवा गोपाल रेगुलेटर के पास पहुंची, अचानक ट्रॉली का हुक टूट गया। इसके चलते ट्रॉली अनियंत्रित होकर बड़ी गंडक नहर में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रॉली में 25 से 30 महिलाएं, करीब 10 बच्चे और 10 पुरुष सवार थे। पीछे बैठे कुछ पुरुष कूदकर बच गए, लेकिन अधिकांश लोग ट्रॉली के नीचे दबकर घायल हो गए। घायलों में महिलाओं की संख्या अधिक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी आरती ने बताया कि सभी लोग ट्रॉली में बैठे थे और रास्ते को लेकर चालक आपस में पूछताछ कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर मुड़ने लगा और हादसा हो गया। वहीं मनोज सिंह ने बताया कि ट्रॉली का हुक टूटते ही वह नहर में जा गिरी। कुछ लोग कूदकर बच निकले, जबकि बाकी घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ट्रैक्टर की मदद से ट्रॉली को नहर से बाहर निकाला गया और उसके नीचे दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही डायल 108 एम्बुलेंस की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को खड्डा (तुर्कहा) सीएचसी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में किस्मती देवी (55), प्रभावती (54), विमला (40), निर्मला (45), बबली यादव (40), समरीता देवी (70), पारस सिंह (60), प्रीति शर्मा (10), मनोरमा (55), प्रभावती (50), रजवंत, नेबुला देवी, संदीप निषाद (15), विश्वकर्मा राजभर, आरती राजभर, दिव्यांश राजभर, अंशा सिंह, वशिष्ठ सिंह, पुनीता सिंह सहित अन्य शामिल हैं। वहीं ट्रॉली में सवार मीरा देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
गनीमत रही कि नहर में पानी कम था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर खड्डा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।
