HomeUncategorized03 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, आँधी-तूफान व ओलावृष्टि की...

03 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, आँधी-तूफान व ओलावृष्टि की चेतावनी

कुशीनगर। प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है, जिसके चलते अगले दो दिनों में तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है।
हालांकि, पूर्वी ईरान के आसपास सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 03 अप्रैल से प्रदेश में मौसम अचानक बदल सकता है। इस दौरान कई जिलों में तेज आँधी-तूफान, गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने के आसार जताए गए हैं। इसके प्रभाव से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मार्च में सामान्य रही वर्षा, तापमान रहा अधिक
मौसम विभाग के अनुसार मार्च माह के दूसरे पखवाड़े में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के चलते प्रदेश में अच्छी वर्षा हुई, जिससे कुल प्रादेशिक वर्षा सामान्य स्तर पर रही। वहीं, पहले पखवाड़े में तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।
गर्मी में बढ़ेंगे लू के दिन
दीर्घावधि पूर्वानुमान के मुताबिक, भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में तटस्थ निनो परिस्थितियां और हिंद महासागर में तटस्थ द्विध्रुव प्रभाव के चलते अप्रैल माह में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है।
हालांकि, पूर्वांचल क्षेत्र में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं अप्रैल से जून के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं, जिससे लू के दिनों की संख्या बढ़ सकती है, विशेषकर पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में।
सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments