HomeUncategorizedकुशीनगर में ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार वृद्ध की...

कुशीनगर में ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार वृद्ध की मौत,मचा हड़कंप

लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर पकवा इनार स्थित हिरनापुर कट के पास बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 61 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार पकवा इनार डुमरी निवासी रमाकांत (61) किसी निजी कार्य से भैसहा गए हुए थे। शाम को वह अपनी बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वह हिरनापुर कट के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी तमकुहीराज की ओर से गोरखपुर की तरफ जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कुशीनगर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए, जहां का माहौल काफी गमगीन हो गया। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और कट प्वाइंट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
इस संबंध में चौकी प्रभारी सुजीत पांडेय ने बताया कि ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार वृद्ध की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments