


संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का फंदे से झूलता हुआ शव, जांच में जुटी पुलिस
लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। पड़रौना नगर के भूतनाथ कॉलोनी क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किराए के कमरे में 22 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही कोतवाली पडरौना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, मकान मालिक अनूप कुमार श्रीवास्तव निवासी भूतनाथ कॉलोनी नोनिया पट्टी ने करीब 3:30 बजे थाना कोतवाली पडरौना को फोन कर सूचना दी कि उनके मकान में किराए पर रहने वाले युवक ने फांसी लगा ली है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे की खिड़की से अंदर देखा तो युवक फंदे से लटका हुआ था और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी तथा फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। पुलिस, परिजन और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। अंदर बल्ली/बांस से साड़ी के फंदे के सहारे 22 वर्षीय विजेंद्र चौहान पुत्र ओम प्रकाश चौहान निवासी रामधाम पोखरा/नौका टोला, पडरौना का शव लटका मिला। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम हाउस रविंद्रनगर धूस भेज दिया। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं।
इंस्पेक्टर महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मौके पर पुलिस टीम में इंस्पेक्टर महेंद्र प्रताप सिंह, सब इंस्पेक्टर अमित सिंह, सब इंस्पेक्टर अतुल कुमार, हेड कांस्टेबल राजेश यादव, कांस्टेबल उमेश कुमार, विनोद कुमार व रोहित यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
