

तमकुहीराज क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, प्रेम प्रसंग की चर्चा,पुलिस जांच में जुटी
साजिद अंसारी/लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। जनपद के तमकुहीराज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी साली की गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से तमंचा भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडीला बुजुर्ग गांव निवासी शंभू प्रजापति ने करीब नौ माह पहले अपनी बड़ी बेटी की शादी बिहार के गोपालगंज जनपद के धर्मचक गांव निवासी जितेंद्र प्रजापति (27) के साथ की थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद जितेंद्र का अपनी साली नैना कुमारी (18) से नजदीकी संबंध हो गया था। इसी को लेकर परिवार में भी चर्चा होती रहती थी। परिजनों के मुताबिक बुधवार सुबह करीब सात बजे जितेंद्र बाइक से अकेले अपने ससुराल पहुंचा। घरवालों ने दामाद होने के नाते उसका स्वागत किया और नाश्ता-पानी कराया। इसके बाद करीब आठ बजे वह बातचीत करने के बहाने अपनी साली नैना को कमरे में बुलाकर अंदर से कुंडी बंद कर लिया। कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलने की कोशिश करने लगे, लेकिन कमरा अंदर से बंद था। इसी दौरान दूसरी गोली चलने की आवाज आई। खिड़की से झांककर देखा गया तो दोनों खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीएम तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा तथा सीओ जयंत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को बाहर निकाला। वहीं सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा भी मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उक्त सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची थी और दरवाजा तोड़कर कर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। आगे उन्होंने बताया कि ये दोनों जीजा शाली थे जीजा गोपालगंज से कल ही ससुराल आया था सुबह साली से रूम में कोई बात चित हुई उसके उसने दरवाजा अन्दर से बंद करके पहले साली को गोली मार दी फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस हर पहलुओं की जाँच कर रही है।
