











लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। जिले के पडरौना स्थित होटल एलीट सूट्स में रविवार को “होमियो ग्रैंड कन्वेंशन-2026” के अंतर्गत 37वें राष्ट्रीय होमियोपैथिक वैज्ञानिक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए वरिष्ठ होमियोपैथिक चिकित्सकों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने सहभागिता कर आधुनिक चिकित्सा चुनौतियों और होमियोपैथी की भूमिका पर विचार-विमर्श किया। पूरे दिन चले इस राष्ट्रीय सम्मेलन में चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।


कार्यक्रम का शुभारंभ होमियोपैथी के जनक सैमुअल हैनिमैन एवं स्वर्गीय डॉ. सी.पी. सिंह के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान स्वर्गीय डॉ. सी.पी. सिंह की पत्नी को डॉ. वीरेंद्र नाथ मौर्य द्वारा बैच लगाकर, अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन में मौजूद चिकित्सकों ने स्वर्गीय डॉ. सी.पी. सिंह के चिकित्सा एवं शोध क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने कहा कि पडरौना जैसे नगर में राष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिक सम्मेलन का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में इस प्रकार के सेमिनार ज्ञानवर्धन के साथ-साथ नई चिकित्सा पद्धतियों और शोध को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि होमियोपैथी आज समाज में भरोसेमंद चिकित्सा पद्धति के रूप में तेजी से उभर रही है।
विशिष्ट अतिथि फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि होमियोपैथिक चिकित्सा कम खर्च में प्रभावी उपचार का माध्यम बन रही है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय एवं जिला होमियोपैथिक अधिकारी डॉ. अशोक सिंह ने भी सम्मेलन को चिकित्सा जगत के लिए उपयोगी बताया।

मंचासीन अतिथियों में डॉ. नित्यानंद श्रीवास्तव, डॉ. अरुण कुमार गौतम, डॉ. पंकज श्रीवास्तव, डॉ. निशांत श्रीवास्तव एवं डॉ. गौरी शंकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सम्मेलन में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपने व्याख्यान प्रस्तुत किए। होमियो कैंसर अस्पताल बगहा के प्रबंधक डॉ. पद्मभानु सिंह ने कैंसर रोगों के उपचार एवं होमियोपैथी की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। नेशनल होमियोपैथिक स्पीकर डॉ. पंकज श्रीवास्तव ने गठिया, अर्थराइटिस, हड्डियों के घिसाव, बोन ग्रोथ और जोड़ों की समस्याओं के उपचार पर प्रकाश डाला।

लखनऊ के प्रसिद्ध होमियोपैथिक वक्ता डॉ. निशांत श्रीवास्तव ने चर्म रोग एवं जटिल बीमारियों के उपचार संबंधी अनुभव साझा किए। वहीं इंटरनेशनल होमियोपैथिक स्पीकर डॉ. गौरी शंकर ने “ऑर्गेनन ऑफ मेडिसिन” विषय पर विस्तार से अपने विचार रखे। स्वर्गीय डॉ. सी.पी. सिंह की पुत्री डॉ. विभा सिंह ने रिसर्च सोसायटी ऑफ होमियोपैथी के कार्यों एवं उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता की स्मृति में आयोजित यह राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन परिवार के लिए भावुक और गर्व का क्षण है। कार्यक्रम के समापन पर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने विभिन्न राज्यों से आए चिकित्सकों एवं वक्ताओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। सम्मेलन के सफल आयोजन में आयोजन अध्यक्ष डॉ. अभ्युदय कुमार मौर्य, आयोजन कोषाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार कुशवाहा, आयोजन संयोजक डॉ. अरुण कुमार तिवारी, आयोजन सचिव डॉ. सागर कृष्ण मौर्य, डॉ. राजाराम जायसवाल एवं डॉ. ज्ञानप्रकाश श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन आयोजन अध्यक्ष डॉ. अभ्युदय कुमार मौर्य ने किया।


इस अवसर पर डॉ. उत्पल, डॉ. विनय राय, डॉ. एन.टी. खान, डॉ. मृत्युंजय ओझा, डॉ. शिप्रा मिश्रा, डॉ. पूजा मौर्य, डॉ. अनुराधा जायसवाल, डॉ. धनंजय मिश्र, डॉ. आर.ए. कुशवाहा, डॉ. राजेश मिश्र, डॉ. वैभव गौतम, डॉ. बी.के. राय, डॉ. घनश्याम वर्मा, डॉ. डी.के. राय, डॉ. दिलीप तुलस्यान, डॉ. पी.के. सिंह, डॉ. शिबू, डॉ. दीपक जायसवाल, सुनील मौर्य, मुकेश कुशवाहा, आकाश गुप्ता सहित सैकड़ों चिकित्सक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
