
ढाबा संचालक से ‘लड़की और शराब’ की कथित मांग, महिला को जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने का आरोप; विभागीय बर्खास्तगी की प्रक्रिया भी शुरू
बैलिस्टर तिवारी | लोकायुक्त न्यूज़
कुशीनगर, 05 अगस्त। कसया थाना क्षेत्र में पुलिस महकमे की छवि को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। महिला से बदसलूकी, जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने तथा एक ढाबा संचालक से कथित रूप से अनुचित मांग करने के गंभीर आरोपों में कसया थाने में तैनात दो सिपाहियों उमाशंकर यादव और महेंद्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दोनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।शिकायत के अनुसार, एक ढाबा संचालक ने आरोप लगाया कि दोनों सिपाहियों ने उससे लड़की और शराब की व्यवस्था करने को कहा। विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट, अभद्रता तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।वहीं, एक महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि दोनों सिपाही उसके कमरे में जबरन घुस आए और उसे वाहन में बैठाकर गोरखपुर ले गए, जहां उसके साथ बदसलूकी की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने दोनों आरोपित सिपाहियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया। साथ ही दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई के तहत गिरफ्तारी कर जेल भेज दिया गया है। सूत्रों के अनुसार विभागीय स्तर पर दोनों की बर्खास्तगी की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।घटना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले की जांच और विभागीय कार्रवाई जारी है।
