
लोकायुक्त न्यूज़
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा भदोही जिले का पुराना नाम ‘संत रविदास नगर’ बहाल किए जाने के फैसले पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने संतोष जताया है। उन्होंने सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए अब कासगंज जिले का नाम दोबारा ‘कांशीराम नगर’ किए जाने की मांग उठाई है।मायावती ने कहा कि उनके शासनकाल में कासगंज को कांशीराम नगर नाम दिया गया था, लेकिन वर्ष 2012 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद इसका नाम फिर कासगंज कर दिया गया। उनका कहना है कि कांशीराम बहुजन आंदोलन के प्रमुख नेता और बसपा के संस्थापक थे, इसलिए उनके नाम से जुड़े जिले का नाम बहाल किया जाना चाहिए।बसपा प्रमुख ने योगी सरकार से मांग की कि 9 अक्टूबर, कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस से पहले कांशीराम नगर का नाम भी वापस किया जाए। उन्होंने अन्य जिलों के नामों को लेकर भी अपनी पुरानी मांग दोहराई है।मायावती के इस बयान को उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर उन्होंने योगी सरकार के फैसले की सराहना की, वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए नाम परिवर्तन के मुद्दे को फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।
