Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर को मुख्यमंत्री योगी की ₹525 करोड़ की विकास सौगात, 464 परियोजनाओं...

कुशीनगर को मुख्यमंत्री योगी की ₹525 करोड़ की विकास सौगात, 464 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास; एयरपोर्ट, पुल और सड़क परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार !

बैलिस्टर तिवारी/लोकायुक्त न्यूज़
कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को टेकुआटार में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान जनपद को करीब ₹525 करोड़ की लागत वाली 464 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा पूर्वांचल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याण योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आवास और उद्योग विभाग के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं चेक वितरित किए। साथ ही 110 वर्षीय रामविलास भगत और 104 वर्षीय रामप्रवेश साहनी सहित वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर उनका अभिनंदन किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में कभी बड़ी चुनौती रही जापानी इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, मेडिकल कॉलेजों, टीकाकरण और स्वच्छता अभियानों के कारण इस बीमारी से होने वाली मौतों में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई से निवेश और रोजगार के लिए अनुकूल वातावरण बना है। उन्होंने चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय मांगों का उल्लेख करते हुए कसया-रामकोला मार्ग के शीघ्र निर्माण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से नियमित उड़ानें जल्द शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है और भविष्य में इसे गया तथा जेवर एयरपोर्ट से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कृषि विश्वविद्यालय के शीघ्र संचालन तथा नारायणी नदी पर लगभग ₹800 करोड़ की लागत से प्रस्तावित पुल परियोजना की डीपीआर तैयार होने की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम को प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, सांसद विजय कुमार दुबे और गोरखपुर सांसद रवि किशन ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं नागरिक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments