
गुलाब गुप्ता/लोकायुक्त न्यूज
बनकटा बाजार (कुशीनगर)। फाजिलनगर विकासखंड क्षेत्र के दुलदुलिया बाजार में मोहर्रम मेला समिति के तत्वावधान में आयोजित पारंपरिक मोहर्रम मेले में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए ताजियों एवं अखाड़ों ने अपने मनमोहक प्रदर्शन से श्रद्धालुओं और दर्शकों का दिल जीत लिया। मेले में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही और पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था, भाईचारे तथा अनुशासन का माहौल देखने को मिला।

मेले में शेरपुर, नारायनपुर, बेलवा आलमदास, भठही खुर्द, रघुनन्दनपुर, चैनपुर तथा लवगीयाडीह सहित कई गांवों से आकर्षक ताजिए पहुंचे। अखाड़ों के कलाकारों ने पारंपरिक युद्धक कलाओं, लाठी, तलवार एवं अन्य हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से आए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने देर शाम तक मेले का आनंद लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चौराखास थानाध्यक्ष दिनेश साहनी ने मेले का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मेला समिति एवं क्षेत्रवासियों की सराहना करते हुए कहा कि आपसी सौहार्द, शांति और सहयोग की भावना से ऐसे आयोजन समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी से इसी तरह सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की। ताजियों की आकर्षक सजावट, पारंपरिक शैली और प्रस्तुति के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा प्रतियोगिता का परिणाम घोषित किया गया। इसमें नारायनपुर के ताजिए को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। चैनपुर एवं रघुनन्दनपुर के ताजियों को संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान दिया गया, जबकि बेलवा आलमदास के ताजिए ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता ताजियों के प्रतिनिधियों को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर अवधेश राय, ग्राम प्रधान मैनेजर गुप्ता, तैयब अंसारी, इमरान अंसारी, अमोद पाण्डेय, तस्लीम अख्तर, लतीफ अंसारी, हजरत अंसारी, ईद मोहम्मद अंसारी अलाउद्दीन अंसारी सहित मेला समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। मोहर्रम मेला शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशासन की मुस्तैदी और मेला समिति के बेहतर प्रबंधन के चलते पूरे आयोजन के दौरान कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। मेले ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की।
