
बैलिस्टर तिवारी/लोकायुक्त न्यूज़
कुशीनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति कुशीनगर (नमामि गंगे) के तत्वावधान में पड़रौना रेंज स्थित बांसी नदी घाट पर सामूहिक योगाभ्यास, स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक संतोष त्रिपाठी एवं आदित्य दुबे ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का प्रभावी माध्यम है और अनेक बीमारियों से बचाव में सहायक है।
क्षेत्रीय वन अधिकारी अशोक कुमार यादव ने योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। वहीं जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे नम्रता भट्ट ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के साथ-साथ नदी संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम से पूर्व बांसी नदी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान बबलू कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
