
कुशीनगर। जिले के दुदही ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत जंगल लुअठहां गोंडरिया स्थित ईस मुहम्मद अंसारी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की छात्रा अर्चना ने 91.83 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं संजना चौहान ने 91.33 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर ओम बाबू ने 90.67 प्रतिशत अंक अर्जित किए। इसके अलावा सोनू गौड़ ने 90.17 प्रतिशत अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया तथा अर्चना (कुशवाहा) ने 90.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पांचवां स्थान प्राप्त किया। सभी मेधावी छात्र-छात्राओं की सफलता से विद्यालय में खुशी का माहौल है। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी सफल विद्यार्थियों को सम्मानित करने की भी घोषणा की गई है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक नियाजुद्दीन अंसारी ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में भी यदि सही मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध हों, तो छात्र-छात्राएं किसी भी स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य शम्स तबरेज ने कहा कि विद्यालय हमेशा से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई, टेस्ट एवं मार्गदर्शन के चलते यह शानदार परिणाम संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि आगे भी विद्यालय इसी प्रकार बेहतर परिणाम देने के लिए प्रयासरत रहेगा और छात्रों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी सफल छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई है।
