🍌 कुशीनगर बनेगा ‘केला हब’ — कसया में 4.72 करोड़ की अत्याधुनिक टिशू कल्चर लैब स्थापित
लोकायुक्त न्यूज़
लखनऊ/कुशीनगर। उत्तर प्रदेश सरकार ने कृषि क्षेत्र को नई तकनीक से जोड़ते हुए जनपद कुशीनगर के कसया स्थित राजकीय आलू फार्म पर अत्याधुनिक केला टिशू कल्चर लैब स्थापित करने का निर्णय लिया है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस परियोजना के लिए 401.75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 223.54 लाख निर्माण कार्य और 178.21 लाख मशीनरी व उपकरणों हेतु निर्धारित हैं। साथ ही, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) पोटैटो के अतिरिक्त घटकों के लिए 70.86 लाख रुपये की व्यवस्था भी की गई है।
लैब स्थापित होने से केला उत्पादक किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले, रोगमुक्त और अधिक उपज देने वाले पौधे स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे। अब तक किसानों को टिशू कल्चर पौधों के लिए अन्य राज्यों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे लागत और जोखिम बढ़ता था।
यह पहल ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) अभियान को गति देगी और कुशीनगर को केला उत्पादन व निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। साथ ही, किसानों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देकर उनकी आय दोगुनी करने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है।

