
बैलिस्टर तिवारी /लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। पडरौना नगर के छावनी स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 30 वर्षीय महिला की मौत के बाद सोमवार को परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने महिला का शव सड़क किनारे रखकर पडरौना से जिला मुख्यालय रविंद्रनगर धूस जाने वाले मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम के चलते मार्ग पर कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।

हादसे में घायल हुई थी महिला
बिहार के धनहा निवासी अंगिरा चौहान (30) पत्नी चतुरी चौहान बीते दिनों आधार कार्ड बनवाने के लिए पडरौना आई थीं। परिजनों के मुताबिक, वापस बाइक से घर जाते समय वह सड़क पर गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें इलाज के लिए छावनी स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल से संबद्ध मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर किया। वहां से भी हायर सेंटर ले जाने की सलाह दिए जाने की बात परिजनों ने बताई।
अस्पताल के एजेंटों पर लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल परिसर में मौजूद सरस हॉस्पिटल के एजेंटों ने बेहतर इलाज का भरोसा दिलाकर महिला को दोबारा छावनी स्थित सरस हॉस्पिटल में भर्ती कराया। परिजनों के अनुसार, इलाज शुरू होने के कुछ समय बाद ही महिला की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने रातभर इलाज के नाम पर मोटी रकम वसूलने का भी आरोप लगाया है।
डीएम को मौके पर बुलाने की मांग
प्रदर्शन कर रहे परिजनों की मांग थी कि जिलाधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कराएं और संबंधित अस्पताल को सील कराया जाए। परिजनों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा नहीं दिया जाता, तब तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने दिया जाएगा। मुख्य मार्ग पर जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी और सुभाष चौक पुलिस चौकी प्रभारी अमित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाया और मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने सड़क से शव हटाया और जाम समाप्त हुआ।
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया
अंगिरा चौहान की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतका की दो मासूम बेटियां हैं। मां की मौत के बाद दोनों बच्चियों के सिर से ममता का साया उठ गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर परिवार में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि महिला की इलाज के दौरान मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
