
सीजीएम अजय कुमार कटियार ने किया ध्वजारोहण, मार्चपास्ट की ली सलामी ।।
नेशनल मीडिया न्यूज़
अनपरा, सोनभद्र। अनपरा तापीय परियोजना परिसर स्थित सीआईएसएफ परेड ग्राउंड में 80वां स्वाधीनता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक इं. अजय कुमार कटियार ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने स्कूली बच्चों एवं सुरक्षा जवानों की आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह को संबोधित करते हुए इं. कटियार ने कहा कि अमर शहीदों के संघर्ष और बलिदान से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि अनपरा परियोजना ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है। पुरानी इकाइयों के बावजूद कम लागत, न्यूनतम तेल एवं ऑक्जिलरी खपत के साथ सतत विद्युत उत्पादन कर नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिजली उत्पादन के साथ परियोजना क्षेत्रवासियों को चिकित्सा, शिक्षा, पेयजल और हरित वातावरण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है। समारोह में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी, सीआईएसएफ जवान, कर्मचारी, महिला मंडल पदाधिकारी एवं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
