
महिला की तहरीर पर पुलिस ने की कार्रवाई-जांच शुरू, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप ।।
लोकायुक्त न्यूज़
महराजगंज। फेसबुक पर अश्लील टिप्पणी कर छवि खराब करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने गुरुवार शाम दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धरमौली गांव निवासी सरिता दुबे ने तहरीर में बताया कि वह राष्ट्रीय नारी शक्ति महिला संगठन की राष्ट्रीय सचिव हैं। उनका मायका सिंदुरिया थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में है। वहां आरोपित पक्ष से पूर्व में भी जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
आरोप है कि रतनपुर निवासी आदर्श श्रीवास्तव पुत्र संजय श्रीवास्तव ने 10 अगस्त की रात फेसबुक पर सरिता दुबे के विरुद्ध अभद्र एवं अश्लील टिप्पणी की। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई। महिला ने टिप्पणी का विरोध किया तो आरोप है कि आदर्श के पिता संजय श्रीवास्तव ने फोन कर धमकी दी कि शिकायत करने या पोस्ट नहीं हटाने पर जान से मार देंगे।
मामला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आने के बाद श्यामदेउरवा पुलिस ने आदर्श श्रीवास्तव और संजय श्रीवास्तव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
