
लोकायुक्त न्यूज़
नई दिल्ली/गोरखपुर। उत्तराखंड में रेल संपर्क को नई मजबूती देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस की पहली सेवा को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। यह पहली सीधी एक्सप्रेस ट्रेन है जो कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों को सीधे जोड़ते हुए वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगी।
नई ट्रेन सप्ताह में हर बुधवार और शुक्रवार संचालित होगी। ट्रेन संख्या 15310 रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी, जबकि ट्रेन संख्या 15309 देहरादून से दोपहर 3:55 बजे चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। मार्ग में यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।
ट्रेन में एसी सेकेंड, एसी थर्ड, एसी चेयर कार, स्लीपर, सेकेंड सिटिंग और जनरल कोच उपलब्ध होंगे, जिससे हर वर्ग के यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। इस सेवा से उत्तराखंड के नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह ट्रेन राज्य के लोगों को तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद रेल सुविधा प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि हरिद्वार पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए ऋषिकेश रेलवे स्टेशन को फीडर स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, जिससे हरिद्वार और ऋषिकेश क्षेत्र में यात्रियों की क्षमता बढ़ाई जा सके।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के 11 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें देहरादून, हरिद्वार, काशीपुर, काठगोदाम, लालकुआं, रामनगर, रुड़की, टनकपुर, कोटद्वार, हर्रावाला और किच्छा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार और देहरादून स्टेशनों का विकास इस प्रकार किया जाएगा कि गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और भीड़भाड़ भी नियंत्रित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस उत्तराखंड के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है, जो राज्य के सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक और पर्यटन विकास की जीवनरेखा साबित होगी। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड को रेलवे बजट में 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड आवंटन मिला है तथा राज्य में 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य जारी है। आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार क्षेत्र में भी रेलवे अवसंरचना और नई ट्रेन सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
