
साजिद अंसारी/लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। जनपद के थाना कोतवाली हाटा क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण के बाद हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने मृतक बालक का शव भी बरामद कर लिया है। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, 28 मार्च 2026 को ग्राम गोपाल बिरैचा से करीब 12 वर्षीय एक बालक के अचानक लापता होने के संबंध में थाना कोतवाली हाटा पर मुकदमा संख्या 128/2026 पंजीकृत किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कसया कुंदन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।गठित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 मार्च 2026 को घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी डब्लू गौड़ पुत्र गामा गौड़, निवासी गोपालपुर बिरैचा वार्ड नंबर 18 हनुमान नगर थाना कोतवाली हाटा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर मृतक राजवीर का शव बरामद किया गया, जिसके बाद पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि मृतक बच्चे की मां के साथ उसका अवैध संबंध था। इस संबंध की जानकारी बच्चे को हो गई थी और उसे आशंका थी कि बच्चा इस बात को किसी अन्य को बता देगा। इसी डर से उसने बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी और शव को छिपा दिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त गमछे का टुकड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। इस मामले में धारा 137(2), 103(1) एवं 238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना कोतवाली हाटा के प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे, उप निरीक्षक हरेराम यादव, वरिष्ठ उप निरीक्षक रामचरन सरोज, उप निरीक्षक रूपेंद्र पाल सिंह, उप निरीक्षक चन्द्रभूषण पाण्डेय, उप निरीक्षक अतुल तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
