
लोकायुक्त न्यूज
बैलिस्टर तिवारी
कुशीनगर। कसया थाना क्षेत्र के सेमरा धूसी, वार्ड नंबर पांच बापू नगर निवासी राजेश पटेल और मुलायम चौहान के बीच 14 फरवरी 2026 की शाम गुटखा को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि राजेश पटेल की पान की दुकान पर हुए इस विवाद के दौरान राजेश पटेल ने मुलायम चौहान पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल रविंद्र नगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान 18 फरवरी 2026, बुधवार की रात लगभग 8 बजे मुलायम चौहान की मृत्यु हो गई।
मृत्यु के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। 19 फरवरी 2026 की शाम पोस्टमार्टम उपरांत जब शव घर पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। मृतक के भाई अर्जुन चौहान की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
परिजनों का आरोप है कि प्रारंभिक स्तर पर पुलिस द्वारा मामूली धाराओं में कार्रवाई की गई थी। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
शव घर पहुंचने के बाद परिजनों ने मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी, पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा आरोपी के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलते ही कसया थाना अध्यक्ष अभिनव मिश्रा एवं सब इंस्पेक्टर रघुनाथ गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। नगर पालिका प्रतिनिधि राकेश जायसवाल, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कुशीनगर राजेश प्रताप राव उर्फ बन्टी भैया, समाजवादी पार्टी के कुशीनगर विधानसभा उपाध्यक्ष अवधेश सिंह, समाजसेवी लाल बाबू चौधरी, अमर नाथ कुशवाहा, उमेश गौतम, अमित शुक्ला,सहित कई जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी भी मौके पर उपस्थित रहे।
नगर पालिका प्रतिनिधि ने मृतक की पत्नी को नगर पालिका कुशीनगर में रोजगार दिलाने के प्रयास का आश्वासन दिया, जबकि राजेश प्रताप राव ने उपजिलाधिकारी से वार्ता कर पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही।
काफी समझाइश और आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए सहमत हुए। जनप्रतिनिधियों ने अर्थी को कंधा देकर श्मशान घाट तक साथ दिया, जहां विधि-विधान से अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
मृतक मुलायम चौहान पांच भाइयों में तीसरे स्थान पर थे। उनके परिवार में पत्नी अनीता चौहान और पांच वर्षीय पुत्री सुंदरी हैं। वे परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर आर्थिक एवं भावनात्मक संकट गहरा गया है।
