लोकायुक्त NEWS
यूपी में कुशीनगर के दुदही नगर पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण को लेकर नया विवाद सामने आया है। पहले एक केंद्र बिना समुचित मार्ग के लाखों रुपये की लागत से बनाए जाने पर सवाल उठे थे, और अब वार्ड संख्या 8 में एक ही क्षेत्र में पांच आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाने से स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड नंबर 8 में तीन आंगनबाड़ी केंद्र लगभग 200 मीटर की दूरी के भीतर निर्मित हैं, जबकि दो अन्य केंद्रों का निर्माण कार्य जारी है। इतनी कम दूरी पर कई केंद्रों के निर्माण को लेकर नागरिकों में असमंजस की स्थिति है। लोगों का कहना है कि यदि पहले से संचालित केंद्र पर्याप्त थे तो नए भवनों की आवश्यकता क्यों पड़ी..? यह जॉच का तथ्य है कि यह निर्माण मानक के विरुद्ध हुआ है या मानक के अनुरूप..?
नागरिक यह भी सवाल उठा रहे हैं कि क्या इन केंद्रों की स्वीकृति निर्धारित जनसंख्या मानकों और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर दी गई है या नहीं। यदि बिना वास्तविक जरूरत के निर्माण कार्य कराया गया है तो यह सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला बन सकता है।
स्थानीय नागरिक और लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, ताकि निर्माण प्रक्रिया, स्वीकृति और बजट आवंटन की पारदर्शिता सामने आ सके। फिलहाल जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
