लोकायुक्त NEWS:बुलंदशहर
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात असामाजिक तत्वों को जिले की सीमा से बाहर कर दिया। गुंडा एक्ट के तहत बिजेंद्र और ओमप्रकाश को छह माह के लिए जिला बदर किया गया है। यह कार्रवाई पहासू थाना पुलिस द्वारा की गई, जिसने दोनों को पकड़कर ढोल-नगाड़े बजाते हुए जिले की सीमा के बाहर छोड़ा। पुलिस की इस अनोखी लेकिन प्रभावी कार्रवाई का मकसद अपराधियों में डर और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना रहा।
जानकारी के अनुसार, पहासू थाना क्षेत्र के गांव फतेहाबाद निवासी बिजेंद्र और ओमप्रकाश लंबे समय से क्षेत्र में दहशत का पर्याय बने हुए थे। इनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे और लगातार शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों में इनकी वजह से भय का माहौल था। प्रशासन ने हालात की गंभीरता को देखते हुए गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों को जिले से बाहर करने का आदेश जारी किया।
इस पूरे मामले पर एसपी देहात तेजवीर सिंह ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी। किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत और सुकून का माहौल देखने को मिल रहा है।
