
लोकायुक्त न्यूज़
मथुरा। मथुरा में सांसद एवं अभिनेत्री हेमामालिनी के नाम और लेटरहेड के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। आरोप है कि उनके लेटरहेड पर कथित तौर पर एक पत्र तैयार कर पूर्व सांसद राजेश कुमार दिवाकर के लिए आवास आवंटन की सिफारिश की गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद सांसद की ओर से प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने थाना सदर बाजार में शिकायत दी। शिकायत में स्पष्ट किया गया कि हेमामालिनी ने आवास आवंटन से संबंधित किसी पत्र पर हस्ताक्षर नहीं किए और न ही उनकी ओर से ऐसा कोई पत्र जारी किया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में अशोक गुप्ता नामक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कथित पत्र की तैयारी, उसके इस्तेमाल और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
