
लोकायुक्त NEWS
मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने घोषणा की है कि 26 जुलाई को मनसे और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) छात्रों के समर्थन में संयुक्त प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और इसका उद्देश्य छात्रों की आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाना है।
राज ठाकरे ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रदर्शन के दौरान कोई भी व्यक्ति माहौल बिगाड़ने, हिंसा फैलाने या गुंडागर्दी करने की कोशिश करेगा, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण मार्च में खलल डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि छात्र आंदोलन के बढ़ते दबाव के कारण सरकार लगातार सफाई देने और प्रधानमंत्री भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने को मजबूर हुए हैं। राज ठाकरे ने छात्रों, अभिभावकों और समर्थकों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन में शामिल होकर छात्रों के अधिकारों और भविष्य की लड़ाई को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि छात्रों के हित और न्याय की मांग के लिए आयोजित किया जा रहा है।
