
गुलाब गुप्ता/लोकायुक्त न्यूज
बनकटा बाजार, कुशीनगर। फाजिलनगर विकासखंड क्षेत्र के भठही बुजुर्ग स्थित साधन सहकारी समिति में शुक्रवार की रात चोरों ने धावा बोलकर हजारों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी शनिवार सुबह कार्यालय खुलने पर हुई। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। समिति के सचिव ने थाने में तहरीर देकर घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की है। जानकारी के अनुसार भठही बुजुर्ग स्थित साधन सहकारी समिति के सचिव प्रेमसागर मिश्र शुक्रवार की शाम लगभग पांच बजे कार्यालय का कार्य समाप्त कर ताला बंद कर अपने घर चले गए थे। शनिवार की सुबह जब वह अपने लिपिक के साथ कार्यालय पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। कार्यालय के अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था और कई महत्वपूर्ण उपकरण गायब मिले। जांच के दौरान पता चला कि चोर कार्यालय में रखा एलईडी टीवी, इनवर्टर, बैटरी तथा कंप्यूटर का की-बोर्ड चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए सामान की कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद समिति कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना तत्काल चौराखास पुलिस को दूरभाष के माध्यम से दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए। पुलिस क्षेत्र के संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। समिति के सचिव प्रेमसागर मिश्र ने चौराखास थाने में लिखित तहरीर देकर चोरी गए सामान की बरामदगी तथा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने बताया कि समिति किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का केंद्र है और चोरी की इस घटना से कार्यालय के कार्य प्रभावित होने की आशंका है।इस संबंध में चौराखास थानाध्यक्ष दिनेश कुमार साहनी ने बताया कि चोरी की शिकायत प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करते हुए चोरों को चोरी किए गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
