Home उत्तर प्रदेश संतकबीरनगर डीएम की अध्यक्षता में पंचायत चुनाव 2026 की तैयारियों की समीक्षा, 16...

डीएम की अध्यक्षता में पंचायत चुनाव 2026 की तैयारियों की समीक्षा, 16 मार्च तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश

0
8

संतकबीरनगर, 13 मार्च 2026। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावलियों के बृहद पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा बैठक शुक्रवार को एनआईसी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग की संशोधित अधिसूचना के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 के लिए मतदाता सूची के बृहद पुनरीक्षण का कार्य वर्तमान में जारी है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, संशोधन तथा आपत्तियों के निस्तारण से संबंधित कार्य किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं पुनरीक्षण कार्य से जुड़े अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद हस्तलिखित पाण्डुलिपियों को जमा करने, उनका कम्प्यूटरीकरण कराने तथा मूल मतदाता सूची में यथास्थान समाहित करने की प्रक्रिया समय से पूरी की जाए। इसके साथ ही संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन और उनके निस्तारण की कार्रवाई भी गंभीरता से की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर यानी 16 मार्च 2026 तक यह समस्त कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि पंचायत चुनाव की प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ सके।
बैठक में उप जिलाधिकारी खलीलाबाद अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी धनघटा डॉ. सुनील कुमार, उप जिलाधिकारी मेहदावल संजीव राय, तहसीलदार खलीलाबाद आनंद ओझा, तहसीलदार मेहदावल अल्पिका वर्मा, तहसीलदार धनघटा रामजी सहित खंड विकास अधिकारी, समन्वयक अधिकारी, नोडल अधिकारी तथा पंचायत विभाग के सहायक विकास अधिकारी और सहायक समन्वयक अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here