
लोकायुक्त NEWS
दिल्ली। दिल्ली से मुंबई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में महिला सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। महिला पत्रकार खानसा जुनेद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि फ्लाइट में उनके बगल में बैठे एक यात्री ने उड़ान के दौरान उनके साथ छेड़खानी की।
पत्रकार के अनुसार, जब वह फ्लाइट में सो रही थीं तभी आरोपी ने उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश की। दूसरी बार जब आरोपी ने वही हरकत दोहराने की कोशिश की तो वह जाग रही थीं और उन्होंने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर आरोपी ने अपनी गलती मानने के बजाय उल्टा उन्हें ही “भ्रम” होने की बात कहकर मामला टालने की कोशिश की।
फ्लाइट के मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड होते ही एयरलाइन स्टाफ ने आरोपी यात्री को सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया। घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुंबई पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है और पत्रकार से फ्लाइट नंबर, सीट नंबर व अन्य जानकारी मांगी है ताकि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।
महिला सुरक्षा को लेकर यह घटना एक बार फिर कई सवाल खड़े कर रही है।
