HomeIndianraiwaysबरेका ने रचा नया रिकॉर्ड: जुलाई में बनाए 65 विद्युत रेल इंजन,...

बरेका ने रचा नया रिकॉर्ड: जुलाई में बनाए 65 विद्युत रेल इंजन, अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा !

लोकायुक्त न्यूज़
नई दिल्ली/गोरखपुर, 1 अगस्त। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका), वाराणसी ने जुलाई 2026 में एक माह के दौरान रिकॉर्ड 65 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह किसी वित्तीय वर्ष में एक महीने के भीतर बरेका का अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है।

इस रिकॉर्ड उत्पादन में भारतीय रेल के लिए 44 WAG-9HC मालवाहक, 13 WAP-7 यात्री और 8 अमृत भारत विद्युत रेल इंजन शामिल हैं। बरेका की यह उपलब्धि उसकी उत्पादन क्षमता, आधुनिक तकनीक और कर्मचारियों की मेहनत का प्रमाण मानी जा रही है।

इससे पहले बरेका ने मार्च 2025 में एक माह में 61 विद्युत रेल इंजन बनाए थे। जुलाई 2026 में 65 इंजनों के निर्माण के साथ बरेका ने अपना पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।

स्थापना से अब तक बरेका कुल 11,445 रेल इंजनों का निर्माण कर चुका है, जिनमें 3,109 विद्युत रेल इंजन शामिल हैं। बरेका ने ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए अब तक 11 देशों को 182 रेल इंजन निर्यात किए हैं।

इस उपलब्धि पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम भावना, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिणाम है।

उन्होंने विश्वास जताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रेल मंत्रालय द्वारा निर्धारित 468 विद्युत रेल इंजनों के उत्पादन लक्ष्य को भी समय से पहले और गुणवत्तापूर्ण तरीके से हासिल किया जाएगा। बरेका की यह उपलब्धि भारतीय रेल के आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments