

डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश, भूमि विवादों में संयुक्त कार्रवाई पर जोर
बैलिस्टर तिवारी | लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील हाटा में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों ने उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 67 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 59 प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 41 प्रकरण (7 निस्तारित, 34 लंबित), पुलिस विभाग के 12, विकास विभाग के 4, समाज कल्याण विभाग का 1 तथा अन्य विभागों के 9 प्रकरण शामिल रहे।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद, आपसी रंजिश एवं अन्य संवेदनशील मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी हाटा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त थाना प्रभारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
