
गुलाब गुप्ता | लोकायुक्त न्यूज
बनकटा बाजार (कुशीनगर)।
फाजिलनगर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत शंकर पटखौली में चार दिन से लापता 25 वर्षीय युवक का शव रविवार को गांव के समीप स्थित एक तालाब के किनारे झाड़ियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कई दिनों तक झाड़ियों में पड़े रहने के कारण शव से दुर्गंध आने लगी थी। सूचना पर पहुंची चौराखास पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, शंकर पटखौली निवासी आलिम मंसूरी (25) पुत्र अकबर मंसूरी 17 जुलाई की सुबह घर से शौच के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आलिम देवरिया में एक चाय की दुकान पर कार्य करता था और कई बार बिना बताए सीधे काम पर चला जाता था। इसी कारण परिजनों को शुरू में आशंका थी कि वह देवरिया चला गया होगा।
रविवार को गांव के कुछ लोग तालाब की ओर गए तो झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने पास जाकर देखा। वहां एक युवक का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने उसकी पहचान आलिम मंसूरी के रूप में की और तत्काल चौराखास पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि आलिम चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
चौराखास थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
