
हाटा ब्लॉक के कछुईआ सोमाली गांव का मामला, कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई !
बैलिस्टर तिवारी/ लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। जनपद के विकास खंड हाटा अंतर्गत ग्राम सभा कछुईआ सोमाली में एक परिवार घर के आंगन की दीवार से सटे विद्युत ट्रांसफार्मर के कारण लगातार भय के साये में जीवन व्यतीत करने को मजबूर है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर की स्थिति बेहद खतरनाक है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
गांव निवासी प्रमोद ओझा, पुत्र श्री रामनरेश ओझा, ने बताया कि उनके घर के आंगन की दीवार से सटा ट्रांसफार्मर स्थापित है। बरसात के मौसम में करंट फैलने, शॉर्ट सर्किट और ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी की आशंका बनी रहती है। परिवार के सदस्यों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों में हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है।
प्रमोद ओझा का आरोप है कि इस संबंध में कई बार संबंधित विद्युत विभाग एवं साखोपार फीडर के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने अथवा आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की दिशा में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर नहीं हटाया गया तो किसी भी समय बड़ी जनहानि हो सकती है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग से तत्काल कार्रवाई कर ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराने और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
गौरतलब है कि पिछले महीने पडरौना विकास खंड के कोहड़ा ग्राम पंचायत में ट्रांसफार्मर फटने की घटना में एक ही परिवार के पति-पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए थे। उपचार के दौरान बच्चों की मां की मृत्यु हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद भी यदि संवेदनशील स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए जाते हैं, तो भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते विद्युत विभाग द्वारा आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी अनहोनी की प्रतीक्षा करने के बजाय जोखिम वाले स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों का तत्काल सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
(समाचार प्रकाशित होने तक इस मामले में विद्युत विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)
