Homeउत्तर प्रदेशसात फेरों से पहले उजड़ गया सुहाग: कुशीनगर में सड़क हादसे में...

सात फेरों से पहले उजड़ गया सुहाग: कुशीनगर में सड़क हादसे में दुल्हन और होने वाली सास की मौत, दूल्हा गंभीर घायल

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में शामिल होने जा रहे थे तीनों, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो की मौके पर मौत, परिवारों में मचा कोहराम!


बैलिस्टर तिवारी/लोकायुक्त न्यूज

कुशीनगर। जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विवाह समारोह में शामिल होने जा रही दुल्हन गुलनाज (25) और उसकी होने वाली सास आयशा खातून (55) की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूल्हा अली हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, तरयासुजान थाना क्षेत्र के जमसेड़िया गांव निवासी अली हुसैन अपनी मंगेतर गुलनाज और मां आयशा खातून के साथ एक ही बाइक से सेवरही स्थित सेलिब्रेशन मैरेज हॉल में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि गुलनाज और आयशा खातून ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अली हुसैन को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
डेढ़ माह बाद होनी थी शादी, सामूहिक विवाह में आज ही बनने वाले थे जीवनसाथी
परिजनों ने बताया कि अली हुसैन और गुलनाज की शादी लगभग डेढ़ माह बाद तय थी, लेकिन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को ही विवाह संपन्न होना था। घर में शादी की तैयारियां और खुशियां थीं, जिन्हें इस दर्दनाक हादसे ने हमेशा के लिए छीन लिया।
शादी वाले दिन ही बेटे के सिर से उठा मां का साया
मृतका आयशा खातून के पति का करीब 20 वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। उन्होंने मजदूरी कर अपने पांच बेटों का पालन-पोषण किया। एक वर्ष पहले तीसरे बेटे अफरोज अंसारी की बीमारी से मौत हो गई थी। अब सबसे छोटे बेटे अली हुसैन की शादी वाले दिन ही उनकी भी मौत हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
परिवार की सबसे छोटी बेटी थी गुलनाज
गुलनाज अपने परिवार की सबसे छोटी संतान थी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार में उसकी शादी को लेकर लंबे समय से तैयारियां चल रही थीं। पिता मजदूरी करते हैं, जबकि दोनों भाई मेहनत-मजदूरी और छोटा व्यवसाय कर परिवार का सहयोग करते हैं। हादसे के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पूर्व राज्यमंत्री डॉ. पी.के. राय ने जताया शोक
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व राज्यमंत्री डॉ. पी.के. राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की तथा प्रशासन से मृतकों के परिजनों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, घायल अली हुसैन के समुचित उपचार और दुर्घटना के जिम्मेदार अज्ञात वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस का बयान
थाना प्रभारी मनोज वर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दोषी चालक के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments