
लोकायुक्त NEWS
महाराष्ट्र/औरंगाबाद। जामा मस्जिद में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से 30 वर्षीय मौलाना उबैदुल्ला की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह अजान देने के लिए मस्जिद पहुंचे और बिजली के चेंजओवर को छूते ही करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मस्जिद परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हापुड़ जिले के दोताई गांव निवासी कारी शेर मोहम्मद के पुत्र मौलाना उबैदुल्ला पिछले चार वर्षों से जामा मस्जिद में इमामत कर रहे थे। गंभीर रूप से झुलसने के बाद नमाजियों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाना चाहा, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक का निकाह करीब एक वर्ष पहले ही हुआ था। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग सांत्वना देने पहुंचे। बताया गया कि शव को बिना पोस्टमार्टम कराए पैतृक गांव ले जाया गया। वहीं, स्थानीय थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है, जिससे मामले को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं।
