
बैलिस्टर तिवारी/लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। जनपद के रविंद्र नगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोहड़ा, पोस्ट मठिया नरईपुर निवासी दीपनरायन प्रजापति (पुत्र बनारसी प्रजापति) की बुधवार सुबह जनरेटर से संचालित कटर मशीन पर कार्य करते समय करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा हरपुर स्थित पानी की टंकी के नीचे निर्माण कार्य के दौरान सुबह करीब 10:30 बजे हुआ।
परिजनों के अनुसार दीपनरायन दो दिन पहले काम के सिलसिले में घर से निकले थे। कार्य के दौरान अचानक जनरेटर से करंट उतरने पर वह विधुत की चपेट में आ गये। साथियों ने तत्काल उन्हें कोटवा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने परिवार का सबसे बड़ा और कमाऊ सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी ममता, माता-पिता, एक भाई एवं एक बहन हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
