लोकायुक्त न्यूज़
Rain Alert : उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की जानकारी देते हुए कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी, तेज हवाओं और घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है।
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे ठंड में और इजाफा होने की आशंका है।
13 फरवरी तक जारी रह सकता है असर
मौसम विभाग के लेटेस्ट बुलेटिन के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 13 फरवरी तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 फरवरी से हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। IMD ने 12 फरवरी को गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।
उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट
उत्तरी मैदानों में कोहरे का प्रभाव बना रह सकता है। IMD ने उत्तर प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए 13 फरवरी तक कई इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई है। राजधानी लखनऊ सहित कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा और मथुरा में रात और सुबह के वक्त कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
