
नेशनल मीडिया/लोकायुक्त न्यूज़
शक्तिनगर (सोनभद्र)। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने शक्तिनगर स्थित ए.के. गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर नगर पंचायत अनपरा में प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) समेत विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। एसटीपी निर्माण के लिए अब तक भूमि का चिन्हांकन न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत अनपरा तथा संबंधित लेखपाल को निर्देशित किया कि एसटीपी के लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में अनपरा क्षेत्र में फ्लाई ऐश के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं परियोजना अधिकारियों को फ्लाई ऐश का वैज्ञानिक, सुरक्षित एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन कराने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति एवं समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से बाधाओं का शीघ्र समाधान कर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
