


8 घायल, 6 की हालत गंभीर; चालक हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी
लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। जनपद के खड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजारी पट्टी मुख्य चौराहे पर बुधवार शाम एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने भीषण हादसा कर दिया। कार ने करीब 500 मीटर के दायरे में बाइक सवार, साइकिल सवार और पैदल जा रहे लोगों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में कुल 8 लोग घायल हो गए, जिनमें एक मासूम बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार खड्डा से सिसवा रोड की ओर जा रही थी। बंजारी पट्टी चौराहे पर पहुंचते ही कार ने सबसे पहले एक बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया और भागने के दौरान सड़क पर जा रहे कई लोगों को टक्कर मारता चला गया। इसी क्रम में साइकिल सवार खुशबुद्दीन को भी जोरदार टक्कर लगी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और पैर में फ्रैक्चर हो गया। हादसे के दौरान चौराहे पर दवा लेने आई जोया पुत्री इरशाद को भी कार ने टक्कर मार दी। जोया के सिर में गंभीर चोटें आईं और पैर में फ्रैक्चर हो गया। उसे जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं महाराजगंज निवासी राजू यादव (40) अपने पुत्र अमन यादव (12) के साथ बाइक से रिश्तेदारी जा रहे थे, तभी कार ने उन्हें भी टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए।
इस हादसे में घायल अन्य लोगों में खुशबुद्दीन, बेतुल्लाह (60), रामनरेश (60), विशाल कुशवाहा, कुशमाहा (30) तथा राधेश्याम कुशवाहा (22) शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 6 की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार को क्षतिग्रस्त कर दिया और चालक की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और चालक को हिरासत में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही उप जिलाधिकारी खड्डा रामवीर सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराई। खड्डा थाना अध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि अनियंत्रित कार द्वारा कई लोगों को टक्कर मारने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है। कार को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
