Homeउत्तर प्रदेशलोक भवन से 1.86 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को रिफिल सब्सिडी, खलीलाबाद में...

लोक भवन से 1.86 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को रिफिल सब्सिडी, खलीलाबाद में 25 महिलाओं को मिला प्रतीकात्मक चेक

मोहम्मद सईद

संत कबीर नगर, 28 फरवरी 2026। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित लोक भवन से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश भर के 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया। इस अवसर पर कुल 1500 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे लाभार्थियों को हस्तांतरित की गई।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण संतकबीरनगर के विकास भवन परिसर में आयोजित समारोह में देखा गया, जहां खलीलाबाद विधायक अंकुर राज तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा जगदंबा लाल श्रीवास्तव एवं मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और महिला लाभार्थी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर विधायक अंकुर राज तिवारी ने जनपद के 25 पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीबों, विशेषकर माताओं और बहनों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विधायक ने कहा कि उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने का कार्य किया है। पहले लकड़ी और पारंपरिक ईंधन के उपयोग से महिलाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था, लेकिन अब गैस चूल्हे के माध्यम से सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में भोजन बनाना संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की गरीब कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध सोच का ही परिणाम है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन और ईंधन जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित किसी भी पात्र व्यक्ति को न रहने देना है।
मुख्य विकास अधिकारी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने सभी जनपदवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और आश्वस्त किया कि प्रशासन शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करेगा।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारीगण, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments