
नवीनीकरण कराने के साथ योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया जागरूक, डिजिटल लेबर चौक की व्यवस्था से भी कराया अवगत
बैलिस्टर तिवारी /लोकायुक्त न्यूज

कसया, कुशीनगर। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को कसया के गांधी चौक स्थित लेबर चौक पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभागीय कर्मचारी शशि शेखर मिश्र ने श्रमिकों को पंजीयन एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया के साथ विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।शशि शेखर मिश्र ने श्रमिकों को बताया कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कार्यों में लगे श्रमिक अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र के माध्यम से अथवा विभाग के पोर्टल www.upbocw.in� पर पंजीयन करा सकते हैं। पूर्व में पंजीकृत श्रमिकों को भी निर्धारित समय पर अपना पंजीयन नवीनीकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया।उन्होंने बताया कि बोर्ड की ओर से पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों के हित में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनके तहत संतान के जन्म, शिक्षा, पुत्री के विवाह तथा श्रमिक की मृत्यु सहित विभिन्न परिस्थितियों में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सहायता एवं अनुदान का लाभ दिया जाता है।इस दौरान श्रमिकों को डिजिटल लेबर चौक की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी गई। विभागीय कर्मचारी ने श्रमिकों से अपील की कि वे अपना पंजीयन एवं नवीनीकरण समय से कराकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अन्य श्रमिकों को भी इसके लिए जागरूक करें।कार्यक्रम के दौरान गोविंद, उमेश, सुनील, रमेश, रामप्यारे, भरत सहित दर्जनों श्रमिक मौजूद रहे।
