
कप्तानगंज थाने में छात्रा ने सुनी फरियादियों की शिकायतें, पुलिस की कार्यप्रणाली से हुईं रूबरू

बैलिस्टर तिवारी/ लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर,16 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत थाना कप्तानगंज में द क्रिसेन्ट स्कूल की कक्षा 12वीं की छात्रा अंशिका सिंह को एक दिन के लिए थानाध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान उन्होंने थाने पर आए फरियादियों की शिकायतें सुनीं और पुलिस की कार्यप्रणाली को समझा।थानाध्यक्ष कप्तानगंज एवं मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को थाना परिसर का भ्रमण कराकर महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, महिला शक्ति केंद्र, आईजीआरएस कार्यालय, जनसुनवाई कक्ष, कंप्यूटर कक्ष और हवालात के बारे में जानकारी दी। साथ ही पुलिस की जिम्मेदारियों, महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।बौलिया निवासी सुनील कुमार सिंह की पुत्री अंशिका सिंह को एक दिन का थानाध्यक्ष बनाने का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कुशीनगर पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
