Homeउत्तर प्रदेशजिउतिया स्नान के दौरान हादसा, तेज धार में बहा नौ वर्षीय प्रिंस

जिउतिया स्नान के दौरान हादसा, तेज धार में बहा नौ वर्षीय प्रिंस

रिखई घाट पर दो बच्चे नदी में डूबे, महिलाओं ने एक को बचाया; पुलिस-एसडीआरएफ की तलाश देर रात तक जारी

लोकायुक्त न्यूज

कुशीनगर। जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) व्रत के अवसर पर शनिवार शाम रिखई घाट पर नदी में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज धार में फंसने से दो बच्चे नदी में डूबने लगे। घाट पर मौजूद महिलाओं ने तत्परता दिखाते हुए एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि नौ वर्षीय प्रिंस कुशवाहा तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया। देर रात तक पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग उसकी तलाश में जुटे रहे।बताया गया कि कसया नगर के वार्ड मां कोटेश्वरीनगर (करमैनी प्रेमवलिया) निवासी पिंटू कुशवाहा का नौ वर्षीय पुत्र प्रिंस शनिवार शाम अपने साथी हिमेश के साथ घर से बिना बताए रिखई घाट पहुंचा था। उस समय जिउतिया व्रत रखने वाली महिलाएं नदी में स्नान कर रही थीं। इसी दौरान दोनों बच्चे भी नदी में उतर गए और तेज धार में फंसकर डूबने लगे।बच्चों को नदी में डूबता देख घाट पर मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया। एक महिला ने साहस दिखाते हुए हिमेश को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं प्रिंस को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह पकड़ में नहीं आ सका और नदी की धार में बह गया।घटना की सूचना मिलते ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, नायब तहसीलदार राहुल खरवार और थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय पुलिस एवं प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए बचाव अभियान शुरू कराया। बाद में एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और मोटरबोट की मदद से नदी में संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।तेज बहाव और अंधेरा होने के बावजूद पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम देर रात तक तलाश में जुटी रही। स्थानीय लोग भी नदी किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन करते रहे। रात करीब 9:30 बजे तक प्रिंस की तलाश जारी थी।घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी और सपा नेता राजेश प्रताप उर्फ बंटी राव भी रिखई घाट पहुंचे और अधिकारियों से बचाव अभियान की जानकारी ली। सभासद गुड्डू कुशवाहा, धर्मेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे।उधर, प्रिंस के नदी में बहने की खबर मिलते ही परिजन घाट पर पहुंच गए। बेटे के लापता होने की सूचना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। हादसे के बाद घाट पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी स्थानीय लोगों ने चिंता जताई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments