
लोकायुक्त न्यूज़
लखनऊ, 10 अगस्त। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के साथ समन्वय बैठक हुई। बैठक में पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। निदेशक ने स्पष्ट किया कि जिला मान्यता प्राप्त संवाददाताओं की दोबारा एलआईयू जांच नहीं कराई जाएगी तथा संबंधित आदेश निरस्त करने के निर्देश दिए।
समिति के अध्यक्ष हेमंत तिवारी और सचिव भारत सिंह ने पत्रकार हितों से जुड़ी मांगों का पत्र प्रस्तुत किया। प्रमुख मांगों में 58 वर्ष की आयु से पेंशन, पत्रकारों के लिए प्लॉट, आवास एवं फ्लैट की व्यवस्था, मान्यता संबंधी मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए मान्यता समिति का गठन और सेवानिवृत्ति आयु पर वरिष्ठ एवं स्वतंत्र पत्रकार की श्रेणी में मान्यता स्थानांतरण शामिल रहा।
इसके अलावा पत्रकारों एवं परिवारों के लिए आयुष्मान कार्ड कैंप, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, एसजीपीजीआई में उपचार व्यवस्था, चिकित्सा सहायता सीमा बढ़ाने तथा स्वतंत्र, वरिष्ठ पत्रकारों एवं फोटो जर्नलिस्टों की सामग्री सरकारी पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित कर उचित पारिश्रमिक देने की मांग रखी गई।
बैठक में अपर निदेशक अरविन्द कुमार मिश्रा सहित विभागीय अधिकारी और समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
