
45 दिनों तक चलेगा विशेष अभियान, 24 टीमें घर-घर पहुंचकर करेंगी पशुओं का टीकाकरण
लोकायुक्त न्यूज
कुशीनगर। जनपद में पशुधन को खुरपका-मुँहपका (एफएमडी) जैसे संक्रामक रोग से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बुधवार को खुरपका-मुँहपका रोग नियंत्रण अभियान (8वें चरण) का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने प्रचार एवं टीकाकरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत जनपद के 1,73,600 गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए 24 टीकाकरण टीमों का गठन किया गया है, जो पशुपालकों के घर-घर जाकर टीकाकरण करेंगी। यह विशेष अभियान 22 जुलाई से 4 सितंबर 2026 तक 45 दिनों तक संचालित होगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने पशुपालकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने सभी गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का समय से टीकाकरण अवश्य कराएं तथा अभियान में पूर्ण सहयोग दें। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण से पशुधन को गंभीर संक्रामक रोगों से बचाया जा सकता है, जिससे पशुपालकों की आजीविका एवं आर्थिक सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।
अभियान की प्रभावी निगरानी एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सदर पशु चिकित्सालय, पडरौना में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। पशुपालक किसी भी जानकारी अथवा शिकायत के लिए 9140236432 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त जनपद में संचालित तीन मोबाइल वेटेरिनरी यूनिट (एमवीयू) भी अभियान के दौरान टीकाकरण कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगी, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के पशुपालकों को भी समय पर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
